Sukhbir Singh Badal Elected Again SAD President : सुखबीर सिंह बादल फिर संभालेंगे शिरोमणि अकाली दल की कमान, सर्वसम्मति से चुने गए अध्यक्ष

Hero Image

नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को एक बार फिर से शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का अध्यक्ष चुन लिया गया है। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव में बादल के नाम पर सर्वसम्मति से एकराय बनी। बादल अब मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदड़ की जगह पार्टी की कमान संभालेंगे। इससे पहले पिछले साल नवंबर में श्री अकाल तख्त के निर्देश पर बादल ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। दूसरी तरफ शिअद के बागी नेताओं प्रेम सिंह चंदूमाजरा, गुरप्रताप सिंह वडाला, बीबी जागीर कौर और सुखदेव सिंह का कहना है कि यह चुनाव श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों की अवहेलना है।

सुखबीर बादल के इस्तीफा देने के बाद उन्हें श्री अकाल तख्त के द्वारा धार्मिक सजा सुनाई गई थी और तनखैया घोषित कर दिया था। धार्मिक काम में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को ‘तनखैया’ कहा जाता है। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदारों ने सुखबीर बादल को गुरुद्वारे में वॉशरूम साफ करने, जूठे बर्तन धोने, लंगर सेवा करने समेत 5 गुरु घरों के बाहर हाथ में भाला लेकर सेवादारी करने की सजा सुनाई थी। सुखबीर सिंह बादल को अपना वो अपराध कबूल करने पर यह सजा सुनाई गई है जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली सरकार के दौरान जत्थेदार साहिबों को अपने आवास पर बुलाया और गुरमीत राम रहीम को माफी देने के लिए उन पर दबाव डाला।

प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल की फाइल फोटो

दिवंगत मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी इसमें शामिल थे क्योंकि वो उस समय सीएम और सुखबीर डिप्टी सीएम थे। इसी के साथ प्रकाश सिंह बादल को मिली फख्र-ए-कौम उपाधि को भी वापस ले लिया गया था। श्री अकाल तख्त ने शिरोमणि अकाली दल को निर्देश दिया था कि जल्द ही पार्टी की नई कमेटी को लेकर चर्चा की जाए और नए सदस्यों की नियुक्तियां हो। उधर, सुखबीर बादल जब एक दिन गुरुद्वारे में सेवा दे रहे थे तभी एक शख्स ने उनके ऊपर हमला कर दिया था। वहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी की मुस्तैदी के चलते सुखबीर बादल बाल-बाल बच गए थे।

 

The post appeared first on .